हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक शास्त्र के शिक्षकों की भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। HPRCA ने पोस्ट कोड-26028 के तहत आयोजित भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें 95 पदों में से 94 पदों पर उम्मीदवारों का चयन हुआ है।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्कूल शिक्षा विभाग में राजनीतिक शास्त्र के शिक्षकों के फिक्स मानदेय वाले पदों के लिए यह परिणाम घोषित किया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3650 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।
इनमें से 3002 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में हिस्सा लिया। परीक्षा के आधार पर 239 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। इसके बाद 17 और 19 सितंबर को पात्र उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की गई।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने 94 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया है। वहीं, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग में पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण एक पद रिक्त रह गया है।
आयोग ने चयनित उम्मीदवारों का अंतिम परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इसमें अभ्यर्थियों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों की जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई है।
उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
