ऊना। 21 सितंबर की रात घर से टहलने निकला 17 वर्षीय किशोर जब वापस नहीं लौटा तो परिवार की चिंता बढ़ गई। कई दिनों तक तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार दिल्ली से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
मामला जिला ऊना का है, जहां किशोर रात को खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने अपने स्तर पर संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
शिकायत के आधार पर सदर थाना ऊना पुलिस ने BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसआई संजय लखनपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किशोर की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानव स्रोतों की मदद ली। पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर सत्यापन भी किया।
लगातार की गई जांच और प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने किशोर का पता दिल्ली में लगाया और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोर को ऊना वापस लाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले में आगामी जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि लापता बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चा या परिवार का कोई अन्य सदस्य लापता होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। शुरुआती स्तर पर मिली जानकारी तलाश अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
