कालाअंब-सकेती मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम नाकाफी, हादसे के बाद स्थायी समाधान की उठी मांग
कालाअंब (सिरमौर)। नाहन विकास खंड की ग्राम पंचायत नागल-सकेती में स्थित कालाअंब-सकेती-खजूरना संपर्क मार्ग पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में दो दिन पूर्व एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में कार में सवार एक बच्ची सहित पांच लोग बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के जिस हिस्से में क्षति हुई है, वहां न तो चेतावनी संबंधी कोई साइन बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा बैरियर अथवा पैराफिट बनाए गए हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं हो पाता। हादसे के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से फिलहाल उक्त स्थान को चिन्हित करने के लिए अस्थायी तौर पर रेत के बोरे और पत्थर रखे गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति की जानकारी स्थानीय लोगों को तो है, लेकिन अन्य वाहन चालकों को इसकी जानकारी नहीं होने के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोगों ने विभाग से सड़क के संवेदनशील हिस्से पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत नागल-सकेती के प्रधान राम लाल ने बताया कि जिस स्थान पर दो दिन पूर्व कार हादसा हुआ था, वहां लोक निर्माण विभाग ने करीब एक वर्ष पहले डंगा लगाया था। बरसात के दौरान डंगा गिर गया, जिसके बाद से सड़क का यह हिस्सा जोखिमपूर्ण बना हुआ है।
प्रधान ने बताया कि सड़क की स्थिति को लेकर विभाग के अधिकारियों और नाहन के विधायक अजय सोलंकी को भी अवगत करवाया गया है। विधायक की ओर से उन्हें बताया गया है कि कालाअंब से सकेती तक करीब पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। हालांकि, इसके लिए सरकार से बजट उपलब्ध होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
फिलहाल ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क के स्थायी निर्माण तक क्षतिग्रस्त हिस्से पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरियर और पैराफिट जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
