किन्नौर में पागल नाले का कहर, NH-5 पर भारी मलबा; कार फंसी, दोनों ओर लगा लंबा जाम
किन्नौर। किन्नौर में रविवार दोपहर पागल नाले में अचानक भारी मलबा आने से शिमला-रिकांगपिओ नेशनल हाईवे-5 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मलबे की चपेट में हाईवे से गुजर रही एक कार भी फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, टापरी के पास पागल नाले में अचानक बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे शिमला-रिकांगपिओ NH-5 पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। हाईवे बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मलबे में एक कार के फंसने की सूचना है। हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। मार्ग अवरुद्ध होने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाईवे को बहाल करने के लिए संबंधित विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग की ओर से यातायात जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पागल नाले के पास NH-5 पर यातायात बंद है। बारिश के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों और यात्रियों से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की गई है।
