सिरमौर: नाहन में दिनदहाड़े कमरे का ताला तोड़कर चोरी, भरा गैस सिलिंडर ले उड़ा चोर
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी कर रही महिला जब शाम को किराये के कमरे में लौटी तो दरवाजे का टूटा ताला देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर सामान की जांच की तो भरा हुआ गैस सिलिंडर गायब था—दिनदहाड़े हुई इस चोरी से मोहल्ले में भी हड़कंप मच गया।
नाहन शहर के वार्ड नंबर एक स्थित ढाबों मोहल्ला में शनिवार को चोरी की यह वारदात सामने आई। अज्ञात चोर ने महिला के किराये के कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखा भरा हुआ गैस सिलिंडर चोरी कर लिया।
पीड़ित महिला की पहचान रेणुका क्षेत्र के खालाक्यार निवासी संतोष के रूप में हुई है। वह मेडिकल कॉलेज नाहन में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत हैं और पिछले करीब तीन से चार वर्षों से ढाबों मोहल्ला में किराये के कमरे में रह रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को संतोष रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए मेडिकल कॉलेज गई थीं। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच अज्ञात चोर ने कमरे को निशाना बनाया। शाम को ड्यूटी पूरी करने के बाद जब वह रात करीब आठ बजे कमरे पर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
कमरे के अंदर जाने पर उन्होंने सामान की जांच की तो वहां रखा भरा हुआ गैस सिलिंडर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी मकान मालिक विक्रम पंवार को दी।
घटना के बाद पीड़िता ने रात को कच्चा टैंक पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस से चोरी हुआ गैस सिलिंडर बरामद करने और अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े कमरे का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
