कालाअंब टोल बैरियर पर सुबह-सुबह बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कंटेनर ने गुमटी को मारी जोरदार टक्कर
टोल कर्मियों ने भागकर बचाई जान, दो कर्मचारी घायल; सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल के प्रवेश द्वार कालाअंब में रविवार सुबह करीब 4:20 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर टोलटैक्स बैरियर की चेकपोस्ट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोलटैक्स की गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद टोल कर्मियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा की ओर से आ रहा वेरका डेयरी का कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे टोल बैरियर की चेकपोस्ट से टकरा गया। हादसे के समय मौके पर कालाअंब स्थित एआरटीओ कार्यालय के एक कर्मचारी सहित करीब चार लोग मौजूद थे। कंटेनर को तेजी से अपनी ओर आता देख सभी ने भागकर खुद को बचाया।
इस दौरान टोल कर्मी अर्जुन और सरवन आंशिक रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
रविवार सुबह हुए इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कंटेनर के टोल बैरियर की चेकपोस्ट से टकराने का घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस घटना ने कालाअंब टोलटैक्स बैरियर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। टोल कर्मियों के मुताबिक, बैरियर पर वाहनों की तेज रफ्तार से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। इससे पहले भी नाहन की ओर से आ रहा एक ट्रक बेकाबू होकर टोल बैरियर से टकरा चुका है।
हरियाणा पुलिस चौकी में दी शिकायत
हादसे के बाद टोलटैक्स कर्मियों ने कालाअंब स्थित हरियाणा पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कंटेनर को कब्जे में ले लिया।
हालांकि, इसके बाद टोल कर्मियों और कंटेनर चालक ने आपसी बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की बात कही। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।
हरियाणा पुलिस चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक और टोल कर्मियों ने आपसी बातचीत के माध्यम से समझौते की पेशकश की है। दोनों पक्षों को समझौते के लिए समय दिया गया है। यदि समझौता नहीं होता है तो मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
