पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.61 ग्राम चिट्टा बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर SIU नाहन की टीम ने बाइक सवार युवक को दबोचा, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SIU नाहन की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को SIU नाहन की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम रैनबैक्सी चौक, पांवटा साहिब के पास मौजूद थी, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सैनवाला मुबारिकपुर, माजरा निवासी अनीश मोहम्मद उर्फ नीशू, पुत्र रशीद मोहम्मद, कथित तौर पर पांवटा साहिब, माजरा और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/स्मैक बेचने का काम करता है।
सूचना के अनुसार, आरोपी उस समय मोटरसाइकिल नंबर HP17E-3122 पर कुंजा की तरफ से माजरा की ओर जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास मादक पदार्थ कहां से आया और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।
