सराहां में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौके पर मौत
तेज रफ्तार मोटरसाइकिल कार से टकराई, पच्छाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सराहां (सिरमौर)। पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत सराहां में एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क पर मुड़ रही कार से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, गांव काहन, डाकघर बनाह की सैर, तहसील पच्छाद निवासी राकेश गौतम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि करीब 10:30 बजे सराहां की ओर से एक कार नंबर HP16AA-4413 आई और सड़क पर रुक गई। कार चालक ने इंडिकेटर देकर वाहन को धीरे-धीरे मोड़ना शुरू किया। कार लगभग पूरी तरह मुड़ चुकी थी, तभी उसी दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल नंबर HR03Z-0823 बिना ब्रेक लगाए कार के ड्राइवर साइड के आगे वाले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिर गया। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे और कार नितेश नेहरू नामक युवक चला रहा था।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक की पहचान राजेश कुमार, निवासी गांव बनाड, डाकघर गागल शिकोर, तहसील पच्छाद के रूप में की है। दुर्घटना में राजेश कुमार की मौत हो गई।
मामले को लेकर पुलिस थाना पच्छाद में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
