हिमाचल में मकान बनाना एक बार फिर महंगा हो गया है। महज 10 दिन के भीतर सीमेंट की कीमत दूसरी बार बढ़ने से निर्माण लागत पर सीधा असर पड़ा है।
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को कंपनियों ने प्रति बैग कीमत में 5 रुपये तक की वृद्धि की। इससे पहले 15 सितंबर को भी सीमेंट के दाम 5 रुपये प्रति बैग बढ़ाए गए थे। यानी करीब 10 दिनों के भीतर कुल 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सीमेंट विक्रेताओं के मुताबिक, नई कीमतें लागू होने के बाद अलग-अलग ब्रांड के दाम बढ़ गए हैं। बढ़ोतरी के बाद एसीसी सुरक्षा सीमेंट 415 रुपये से बढ़कर 425 रुपये प्रति बैग हो गया है। इसी तरह एसीसी गोल्ड की कीमत 465 से बढ़कर 475 रुपये और बांगड़ सीमेंट की कीमत 390 से बढ़कर 400 रुपये प्रति बैग पहुंच गई है। अल्ट्राटेक सीमेंट की कीमत करीब 405 रुपये प्रति बैग बताई जा रही है।
100 बैग खरीदने पर 1,000 रुपये तक ज्यादा खर्च
लगातार दूसरी बार कीमत बढ़ने का असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा जो घर निर्माण या अन्य बड़े निर्माण कार्य करा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई उपभोक्ता 10 दिन पहले की तुलना में अब 50 बैग सीमेंट खरीदता है तो उसे करीब 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, 100 बैग की खरीद पर अतिरिक्त खर्च करीब 1,000 रुपये तक पहुंच जाएगा।
बड़े निर्माण कार्यों में जहां सैकड़ों बैग सीमेंट की जरूरत होती है, वहां बढ़ी हुई कीमत से कुल बजट पर और अधिक असर पड़ सकता है। विक्रेताओं का कहना है कि कंपनियों की ओर से नई कीमतें जारी किए जाने के बाद उसी के अनुसार ग्राहकों को सीमेंट उपलब्ध कराया जा रहा है।
