कोटडी व्यास की बेटियों ने रचा इतिहास, अंडर-19 हैंडबॉल में बनीं जिला विजेता
फाइनल में बनौर की टीम को एकतरफा हराकर हासिल किया खिताब, शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया विद्यालय का गौरव
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटडी व्यास की छात्राओं ने अंडर-19 जिला स्तरीय लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिरमौर विजेता का खिताब अपने नाम कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मानपुर देवड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में कोटडी व्यास की टीम ने शुरुआत से ही बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को एक के बाद एक मात दी और फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में कोटडी व्यास की टीम ने बनौर की टीम को एकतरफा मुकाबले में हराकर अंडर-19 हैंडबॉल प्रतियोगिता का विजेता खिताब हासिल किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और शानदार टीमवर्क का परिचय दिया।
टीम की कप्तान स्नेहा चौधरी के नेतृत्व में नंदिता, दीपिका, कृतिका, देवांशी, अंशश्वी, पायल, प्रिया, आकांक्षा और स्नेहा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरविंदर सिंह गेरी और चरणजीत चौधरी ने विजेता हैंडबॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पिछले वर्ष की गोल्ड मेडलिस्ट हैंडबॉल खिलाड़ी सनेहा को भी सम्मानित किया गया।
टीम की इस शानदार उपलब्धि का श्रेय कोच धर्मेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह, सुमन, मुलकराज, मीरा, पवन और सोमी देवी ने भी विजेता टीम, कोच और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
वहीं खेल प्रेमियों एवं क्षेत्र के लोगों सुखविंदर चौधरी, बीडीसी सदस्य राजेश, युवा स्पोर्ट्स क्लब बिहार के अध्यक्ष प्रभात तथा मंदिर कमेटी व्यास के अध्यक्ष चमन ने भी टीम की इस उपलब्धि पर बधाई दी।
विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
