हिमाचल में फिर मौसम करवट लेने वाला है और इस बार बारिश के साथ तेज हवाएं, बिजली और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
27 सितंबर को सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिमला और सोलन समेत कई जिलों में भी सतर्क रहने की चेतावनी है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सितंबर के अंतिम दिनों में बारिश का एक और दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शिमला केंद्र के मुताबिक 26 सितंबर की शाम या रात से 29 सितंबर की सुबह तक दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को बारिश के सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई है।
सिरमौर में 27 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 सितंबर के लिए सिरमौर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किन्नौर में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है।
28 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
28 सितंबर को शिमला, सोलन और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन तीनों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के स्पीति क्षेत्र में 27 और 28 सितंबर को मध्यम बारिश हो सकती है।
50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा
बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 सितंबर के बीच शिमला, सोलन और सिरमौर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भी ऐसा मौसम देखने को मिल सकता है।
इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
भूस्खलन और जलभराव को लेकर सावधानी जरूरी
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन तथा मलबा गिरने का खतरा बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि नदी-नालों और अन्य जलस्रोतों में पानी का स्तर व बहाव अचानक बढ़ने की आशंका है।
बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, जिससे वाहनों के स्किड होने का खतरा भी रहेगा। ऐसे में संवेदनशील मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे न लें शरण
मौसम विभाग ने आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली गिरने की आशंका में पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और संभव हो तो बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें।
सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति में संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
किसानों और बागवानों के लिए भी एडवाइजरी
मौसम के बिगड़ने की संभावना को देखते हुए किसानों और बागवानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने तथा तैयार उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए जिलेवार चेतावनी मानचित्र भी जारी किया है। इसमें 27 सितंबर को सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट और 28 सितंबर को शिमला, सोलन तथा सिरमौर के लिए येलो अलर्ट दर्शाया गया है।
