मंडी में बेटे ने तेजधार हथियार से कर दी पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मंडी। मंडी जिले में बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। ये हत्याकांड उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत चेली में हुआ है। जानकारी के मुताबिक वीरवार रात करीब 11:30 बजे मस्त राम अपने घर के बरामदे में सो रहे थे, तभी उनके बड़े बेटे दीपक ने अचानक उनके सिर पर तेजधार हथियार से वार कर दिया और वारदात के बाद कमरे में जाकर सो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद गंभीर रूप से घायल मस्त राम को परिजनों और आरोपी ने तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शुक्रवार दोपहर को एसपी मंडी विनोद कुमार, डीएसपी लोकेंद्र नेगी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर अहम साक्ष्य जुटाए। छोटे बेटे के बयान के पर पधर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बड़े बेटे दीपक को हिरासत में ले लिया। बहरहाल, मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
