कालाअंब में 111 लोगों ने किया रक्तदान, मेगा शिविर में दिखा सेवा का जज्बा
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की पहल पर मेट्रो डेकोरेटिव्स और हिमालयन ग्रुप के कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कालाअंब (सिरमौर)। रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से शुक्रवार को कालाअम्ब स्थित मेट्रो डेकोरेटिव्स प्राइवेट लिमिटेड में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के विश्व रिकॉर्ड प्रयास के तहत आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 111 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना रहा। मेट्रो डेकोरेटिव्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वहीं, हिमालयन ग्रुप ऑफ कॉलेज कालाअंब के विद्यार्थियों ने भी शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्थान के वाइस चेयरमैन विकास बंसल के सहयोग और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
शिविर के आयोजन में प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. एस.के. सबलोक, अध्यक्ष प्रगति सबलोक और सचिव विकास रत्तन सहित रोटेरियन अमित अत्री, डॉ. सी.एल. शर्मा, राजीव बंसल और राकेश थापा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर का आयोजन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीटा कालरा के मार्गदर्शन में किया गया।
रक्तदान शिविर में चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाएं देवभूमि ब्लड सेंटर, देहरादून की टीम ने संभाली। टीम का नेतृत्व संजय रावत ने किया, जबकि डॉ. आरुषि चौहान ने चिकित्सा दल की अगुवाई की। उन्होंने रक्तदान प्रक्रिया के दौरान रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल और निगरानी सुनिश्चित की।
आयोजकों ने शिविर की मेजबानी और व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए मेट्रो डेकोरेटिव्स के उपाध्यक्ष डी.के. सिंह और राजिंदर ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के साथ-साथ संस्थानों, चिकित्सा टीम और स्वयंसेवकों के सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
111 लोगों का रक्तदान करना न केवल शिविर की सफलता को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का भी संदेश देता है।
