शिमला घूमने पहुंचे थे पति-पत्नी, मालरोड पर किसी बात को लेकर हुआ विवाद; वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच तेज की
शिमला। शिमला के मालरोड पर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में नजर आ रहे महिला-पुरुष की पहचान कर जब पुलिस ने पूछताछ की, तो सामने आया कि दोनों पति-पत्नी हैं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए हैं और वायरल वीडियो समेत इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटना के वक्त मौके पर कौन-कौन मौजूद था।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड पर महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसमें नजर आ रहे दोनों लोगों की पहचान कर उन्हें पूछताछ के लिए सदर थाना बुलाया।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे पति-पत्नी हैं। उनके अनुसार, दोनों का विवाह मई में हुआ था और वे पहली बार शिमला घूमने पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक, शिमला में घूमने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। रात में मालरोड पर यह विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए उसकी तस्दीक की और मामले से जुड़े लोगों की पहचान की। महिला से अलग से पूछताछ कर उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो को सुरक्षित कर रही है और उससे जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही घटनास्थल की भी तस्दीक की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
