नाहन में EVM-VVPAT की सुरक्षा व्यवस्था पर चुनाव आयोग की पैनी नजर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया निर्धारित त्रैमासिक निरीक्षण
वेयरहाउस में मशीनों के रखरखाव से लेकर अग्निशमन इंतजाम तक जांचे गए, अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के निरंतर पालन के निर्देश
नाहन (सितंबर)। हिमाचल प्रदेश की मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता दास गुप्ता ने गुरुवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में स्थित जिला ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल के अनुपालन की स्थिति को देखा। उन्होंने मशीनों के सुरक्षित भंडारण के साथ-साथ वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने परिसर में लगाए गए अग्निशामक यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की और आपात स्थिति से निपटने के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद उन्होंने वेयरहाउस में ईवीएम और वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण तथा उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
नंदिता दास गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा तय सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का लगातार पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ईवीएम/वीवीपैट के रखरखाव और सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता कापटा, अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा, उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव संख्यान, तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
