कालाअंब में गुणवत्ता के मानकों पर बड़ा मंथन, उद्योगों और एमएसएमई को बीआईएस ने बताई प्रमाणन प्रक्रिया
मानक महोत्सव-2026 में ज्वेलर्स, उद्योग प्रतिनिधियों और मानक क्लबों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट इकाइयों को किया गया सम्मानित
कालाअंब (सिरमौर)। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा की ओर से विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर कालाअंब में मानक महोत्सव-2026 के तहत हितधारक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उद्योगों, एमएसएमई, बीआईएस लाइसेंसधारी और गैर-लाइसेंसधारी इकाइयों, ज्वेलर्स, उद्योग संघों तथा मानक क्लबों के संरक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय मानकों, बीआईएस प्रमाणन, परीक्षण आवश्यकताओं, गुणवत्ता सुधार और मानकीकरण के महत्व को लेकर विभिन्न हितधारकों को जागरूक करना रहा। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को बीआईएस की विभिन्न पहलों, प्रमाणन प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
बीआईएस देहरादून शाखा के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने बीआईएस की विभिन्न पहलों, इन-हाउस टेस्टिंग सुविधाओं में उपलब्ध कराई जा रही छूट तथा थर्ड पार्टी सर्विलांस से संबंधित प्रावधानों और प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उद्योगों से गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन सुनिश्चित करने और बीआईएस के दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करने की अपील की।
वहीं, बीआईएस देहरादून के संयुक्त निदेशक पीयूष प्रकाश ने बीआईएस और बीआईएस अधिनियम से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र के लिए मार्किंग फीस में रियायत सहित बीआईएस की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न सहायता उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्योगों को भारतीय मानकों का पालन करते हुए गुणवत्ता को अपनी उत्पादन प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
बीआईएस प्रभारी सरिता त्रिपाठी ने कहा कि मानकीकरण केवल प्रमाणन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उपभोक्ताओं के विश्वास और उद्योगों की विश्वसनीयता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि उद्योगों, एमएसएमई और अन्य हितधारकों के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन को और मजबूत किया जाएगा।
उत्कृष्ट इकाइयों और मानक क्लबों को सम्मान
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट अनुरूपता प्रदर्शन करने वाले बीआईएस लाइसेंसधारी उद्योगों और मानक क्लबों के संरक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ज्वेलर्स और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ गुणवत्ता, मानकों के अनुपालन तथा भविष्य में उभरने वाली मानकीकरण संबंधी आवश्यकताओं को लेकर भी संवाद किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद हितधारकों ने बीआईएस की पहलों और प्रमाणन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी को उपयोगी बताया। उन्होंने गुणवत्ता आधारित उत्पादन को बढ़ावा देने और भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन की दिशा में सहयोग का आश्वासन भी दिया।
