बाथरूम में खेलते-खेलते पहुंची डेढ़ साल की बच्ची, पानी से भरी बाल्टी में मिली अचेत
परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद किया मृत घोषित
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी कस्बे में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्ची खेलते हुए बाथरूम में चली गई और वहां पानी से भरी बाल्टी में गिर गई।
जानकारी के अनुसार, भराड़ी में दर्जी का काम करने वाले जाहिद अंसारी मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले हैं। मंगलवार शाम परिवार के सदस्य कमरे में मौजूद थे और घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब सात बजे उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी खेलते-खेलते बाथरूम की ओर चली गई।
कुछ देर बाद बच्ची नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और उसे भराड़ी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना हादसा प्रतीत हो रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
