रेणुकाजी में डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस नेताओं ने किया नमन
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास किए, 2027 में कांग्रेस की वापसी का दावा
ददाहू (सिरमौर)। पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की 78वीं जयंती एवं 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रेणुका के माईना बाग में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं रेणुका विधायक विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित कई नेता मौजूद रहे। डॉ. प्रेम सिंह रेणुका विधानसभा क्षेत्र का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुके थे।
विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास
कार्यक्रम से पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रेणुका क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 70 लाख रुपये की लागत से पिपलीघाट में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत 1.12 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत चाड़ना के विभिन्न गांवों के लिए निर्मित उठाऊ पेयजल योजना तथा 2.12 करोड़ रुपये की लागत से सांगना, सताहन और आसपास के गांवों के लिए निर्मित प्रवाह पेयजल योजना का भी लोकार्पण किया। नौहराधार में एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बस अड्डे का शिलान्यास भी किया गया।
रजनी पाटिल ने डॉ. प्रेम सिंह को किया याद
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी उनके प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
2027 में कांग्रेस की वापसी का दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका विधायक विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2027 में दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने सिरमौर की सभी कांग्रेस सीटों पर जीत का दावा करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नेता संघर्ष और तप से बनते हैं। उन्होंने विनय कुमार के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि विनय कुमार एक दिन बड़े नेता बनेंगे और आज वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अग्निहोत्री ने सरकार की ओर से पुरानी पेंशन योजना लागू किए जाने तथा महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने संबंधी सरकार के निर्णयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों से जुड़े मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अपनी लड़ाई जारी रखे हुए है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सिरमौर प्रतिभाओं से भरा जिला है और इसे प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि डॉ. प्रेम सिंह के बाद उनके सुपुत्र विनय कुमार रेणुका क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में नाहन विधायक अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
