कालाअंब में सड़क हादसा, महिला समेत दो घायल
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मैनथापल में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर हुए सड़क हादसे में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे में महिला को सिर में चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया।
पुलिस थाना कालाअंब में दर्ज शिकायत के अनुसार, ओम प्रकाश निवासी गांव इस्लामनगर, डाकखाना व तहसील सढौरा, जिला यमुनानगर, सोमवार को मोटरसाइकिल पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मैनथापल क्षेत्र में पीछे से आ रही मोटरसाइकिल नंबर एचआर-02-एडी-4504 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए सड़क पर पैदल जा रही एक महिला को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में चोटें आईं। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिर गया। पुलिस के अनुसार, बाइक चालक की पहचान पंकज शर्मा पुत्र रमेश शर्मा, निवासी गांव सढौरा, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
वहीं, घायल महिला की पहचान हेमा देवी पत्नी रविन्द्र प्रसाद भगत, निवासी बहादुरपुर पटोरी, जिला समस्तीपुर (बिहार), हाल निवासी मैनथापल के रूप में हुई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच और कार्रवाई जारी है। एसपी सिरमौर ने मामले की पुष्टि की है।
