सिरमौर में आज जुटेंगे कांग्रेस नेता, डॉ. प्रेम सिंह की 15वीं पुण्यतिथि पर होगा बड़ा आयोजन।
माईना बाग में श्रद्धांजलि के साथ स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे शिरकत।
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी के पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह की 15वीं पुण्यतिथि मंगलवार को उनके गृहक्षेत्र माईना बाग में मनाई जाएगी। खास बात यह है कि डॉ. प्रेम सिंह की जयंती और पुण्यतिथि एक ही दिन पड़ती है। कांग्रेस की ओर से इस अवसर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह डॉ. प्रेम सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन भी प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपमुख्यमंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को लेकर नई घोषणाओं की उम्मीद भी जताई जा रही है।
रेणुकाजी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान और महासचिव मित्र सिंह तोमर ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. प्रेम सिंह के जनसेवा के योगदान को याद किया जाएगा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री का स्वागत भी किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
सेवा दिवस के तहत स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य डॉ. प्रेम सिंह की जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना और लोगों को सामाजिक सेवा से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि सभा के साथ क्षेत्र के विकास और जनसेवा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से सामने आने की उम्मीद है।
