शादी की खुशियों से लौट रहे पांच लोगों का सफर अचानक बदला मातम में
हिमाचल के कुल्लू में NH-305 पर तड़के कार खाई में जा गिरी, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
कुल्लू। आनी उपमंडल के हरिपुर-नागन क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-305 पर एक ह्यूंडई एक्सटर कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में करीब पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई में गिरी कार से मृतकों के शवों और घायल को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
चार लोगों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा पुत्र जगदीश, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह, गुंजन पुत्र राम प्रकाश और बालकृष्ण पुत्र धिक राम के रूप में हुई है। चारों आनी उपमंडल के जाबो गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घायल को रामपुर अस्पताल रेफर किया
हादसे में सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल, निवासी जाबो, घायल हुए हैं। उनकी उम्र 29 वर्ष बताई गई है। उन्हें पहले आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए रामपुर अस्पताल रेफर किया गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग कुमारसैन के बड़ागांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-नागन के पास NH-305 पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
हालांकि कार हादसे का शिकार किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
विधायक लोकेंद्र कुमार भी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलने के बाद आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव अभियान में स्थानीय लोगों और बचाव दल के साथ सहयोग किया। बताया गया कि शवों को खाई से निकालकर स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक पहुंचाने में भी उन्होंने मदद की।
विधायक ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासन और पुलिस की ओर से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
