हिमाचल में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगर आप पहाड़ों का रुख करने की तैयारी में हैं, तो 24 सितंबर से 27 सितंबर के बीच मौसम का मिजाज जरूर जान लें
शिमला। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन अगले कुछ दिनों बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दस्तक दे सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 23 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ और धूप वाला रहने की संभावना है। इसके बाद 24 से 27 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सोमवार को राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप रही, जबकि शाम के समय आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं का अलर्ट
26 और 27 सितंबर को किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति में मौसम कुछ ज्यादा सक्रिय रह सकता है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा निचले और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं।
जल्द खत्म हो सकता है मानसून का असर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल जैसलमेर, नागौर, सीकर, रोहतक, पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है। विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के शेष हिस्सों, राजस्थान के कुछ और इलाकों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं।
इस बीच जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
फिलहाल हिमाचल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 24 से 27 सितंबर के बीच होने वाली संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम का ताजा अपडेट लेते रहने की सलाह दी जाती है।
