माजरा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.43 ग्राम चिट्टा और 56 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त था; मौके से गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। SIU नाहन, जिला सिरमौर की पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरुवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 9.43 ग्राम चिट्टा/स्मैक और 56 SPASPEACE (Tramadol) कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, SIU नाहन की टीम पुरुवाला में Pontika कंपनी के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि शाहरुख खान पुत्र गुलशेर अली, निवासी गांव पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर कथित तौर पर क्षेत्र में नशीले कैप्सूल और चिट्टा/स्मैक बेचने का काम करता है और उस दिन भी नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम और पता बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें 9.43 ग्राम चिट्टा/स्मैक तथा कुल 56 Tramadol कैप्सूल बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
