सिस्सू में खाई में गिरी कार, दो की मौत; तीन घायल
मनाली-लेह हाईवे पर सैल्फी प्वाइंट के पास हुआ हादसा, गंभीर घायलों में से एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, कार नंबर एचपी-31सी-1662 गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और खाई में जा गिरा। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में मंडी जिले के बडियाल निवासी सुरेश पुत्र तोता राम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग ले जाया गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह पुत्र सेवक राम निवासी चुवाड़ी, निखिल पुत्र रमेश चंद निवासी सकरोआ, बबलू पुत्र हल्कू राम निवासी मंडी और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास निवासी टिक्कर के रूप में हुई है।
घायलों में बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। इलाज के दौरान बबलू की मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सिस्सू क्षेत्र में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
