रुल्दूभट्ठा के शांकली में रविवार शाम हुई घटना, बच्ची के मुंह, पीठ और पैरों पर गहरे घाव; लोगों ने कुत्ते को घेरकर बचाया
शिमला। शिमला में घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को काटते और घसीटते हुए करीब 25 मीटर दूर ले गया, जिसके बाद पड़ोसियों ने उसे छुड़ाया।
घटना रविवार शाम करीब 4 बजे राजधानी के रुल्दूभट्ठा वार्ड के शांकली क्षेत्र में हुई। बच्ची घर के गेट के पास खेल रही थी, तभी वहां से गुजर रहे कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और कुत्ते को घेरकर उसे किसी तरह छुड़ाया।
हमले में बच्ची के मुंह, पीठ और पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हुए हैं। परिजन उसे उपचार के लिए आईजीएमसी ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शांकली क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या बढ़ रही है। इससे पहले भी शिमला के अलग-अलग इलाकों में बच्चों पर कुत्तों के हमले के मामले सामने आ चुके हैं।
नगर निगम के सर्वेक्षण के अनुसार, शिमला शहर में 3,500 से अधिक आवारा कुत्ते हैं और हर महीने कुत्तों के काटने के 150 से ज्यादा मामले सामने आते हैं। निगम ने शहर में 100 से अधिक हमलावर कुत्तों को चिह्नित किए जाने की भी जानकारी दी थी।
