माजरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की/पॉपी हस्क बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर SIU नाहन की टीम ने बेहडेवाला के पास की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत SIU नाहन, जिला सिरमौर की पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक चालक को 2 किलो 350 ग्राम भुक्की/पॉपी हस्क के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखवीर पुत्र बलजीत सिंह, निवासी तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 सितंबर 2026 को SIU नाहन की टीम गश्त पर थी और बेहडेवाला स्थित चौधरी ढाबा के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति ट्रक नंबर HP17G 7255 चलाता है और बाहरी राज्यों से भुक्की लाकर पांवटा साहिब तथा आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करता है। सूचना में बताया गया कि वह हरियाणा की ओर से अपने ट्रक में भुक्की की खेप लेकर पांवटा साहिब की तरफ आ रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुखवीर पुत्र बलजीत सिंह बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक और उसके कब्जे की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की/पॉपी हस्क बरामद की। बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ND&PS Act के तहत पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
