शराब ठेके में नशे में धुत युवक ने मचाया उत्पात, रैक से निकालकर फर्श पर पटक दीं शराब की बोतलें
तोड़फोड़ में करीब 4,990 रुपये का नुकसान, सेल्समैन से गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप
सराहाँ (सिरमौर)। पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत चाकला पुल स्थित शराब ठेके में तोड़फोड़ और नुकसान का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव टिक्करी, डाकघर पानवा, तहसील पच्छाद निवासी यशवंत शराब ठेके पर सेल्समैन है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर 2026 को शुभम निवासी गांव जुयड़ टिक्करी, डाकघर पानवा, तहसील पच्छाद, कथित तौर पर नशे की हालत में शराब ठेके पर आया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पहले सेल्समैन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसने ठेके में रखी शराब की बोतलों को रैक से निकालकर जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। इस दौरान कई शराब की बोतलें टूट गईं, जिससे करीब 4,990 रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
