पांवटा साहिब में सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल होने पर PGI चंडीगढ़ किया गया रेफर
हादसा 12 सितंबर की रात हुआ था; घायल महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। हादसा 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे ब्राउन वर्ल्ड, एनएच के सामने हुआ।
पुलिस को दी शिकायत में बैंक कॉलोनी, बद्रीपुर निवासी कपिल शर्मा ने बताया कि वह अपनी स्कूटी पर मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी सोनिया शर्मा बेकरी से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान डिवाइडर पार करते समय बद्रीपुर चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सोनिया शर्मा को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सोनिया शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिर गया। घायल महिला को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, जहां से आगे PGI चंडीगढ़ भेज दिया गया। PGI में वह करीब दो दिन भर्ती रहीं।
पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चालक की पहचान सुशांत ठाकुर निवासी गांव बारथन मंदार, डाकघर बिरला, तहसील ददाहू के रूप में हुई है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों तथा अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
