कालाअंब में बेकाबू ट्राले ने मचाया तांडव, रास्ते में आए लोगों और वाहनों को रौंदता हुआ हरियाणा सीमा में घुसा
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत, कई घायल; हिमाचल का बैरियर तोड़कर भागा चालक, हरियाणा में पुलिस ने पकड़ा।
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार को एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्राले ने जमकर तबाही मचाई। एचआर 58बी-0167 नंबर का ट्राला त्रिलोकपुर की ओर से कालाअंब की तरफ आया और रुचिरा के पास तीन लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
इसके बाद ट्राला कालाअंब सब्जी मंडी के पास पहुंचा, जहां उसने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राला इतनी तेज रफ्तार में था कि रास्ते में जो भी सामने आया, वह उसकी चपेट में आता गया। हादसे के बाद चालक ट्राले को लेकर हिमाचल के प्रवेश द्वार की ओर भागा और वहां लगे बैरियर व बैरिकेड्स को तोड़ते हुए हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर गया।
हरियाणा में दाखिल होने के बाद भी ट्राले की रफ्तार नहीं थमी। जानकारी के अनुसार, ट्राले ने एक ढाबे को भी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि ढाबे में मौजूद लोग इसकी चपेट में आने से बच गए। इसके बाद असगरपुर क्षेत्र में भी कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद हरियाणा पुलिस ने ट्राला चालक को पकड़ लिया। वहीं, सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हिमाचल पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मृतक और घायलों की पहचान के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे में हुए कुल नुकसान तथा घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
