कालाअंब चौक पर चल रहा था दड़ा-सट्टे का खेल, पुलिस ने अचानक दबिश देकर एक व्यक्ति को दबोचा
10 रुपये के बदले 80 रुपये का लालच देकर लोगों को सट्टे में फंसाने वाले आरोपी के पास से नकदी और सट्टा पर्चियां हुई बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कालाअंब चौक के पास दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टे की पर्चियों समेत 910 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति लोगों को दड़ा-सट्टा लगाने के लिए उकसा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान अमरेन्द्र कुमार पुत्र मुक्ती राय, निवासी पकरी, डाकघर बसंतपुर, तहसील रिगा, जिला सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह लोगों को 10 रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा लगवा रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से दड़ा-सट्टे की पर्चियां और कुल 910 रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
