120 पदों पर नौकरी का मौका, 22 से 24 सितंबर तक होंगे कैम्पस इंटरव्यू
10वीं पास, 19 से 40 वर्ष आयु के पुरुष अभ्यर्थी ले सकते हैं हिस्सा; नाहन, राजगढ़ और संगड़ाह में होगा चयन
नाहन (सिरमौर)। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। एसआईएस सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसिज इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पुरुष वर्ग के 120 पद रोजगार कार्यालय के माध्यम से भरे जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए कैम्पस इंटरव्यू 22 से 24 सितंबर, 2026 तक विभिन्न रोजगार कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित रोजगार कार्यालय में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
इंटरव्यू का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
- 22 सितंबर: उप-रोजगार कार्यालय, राजगढ़
- 23 सितंबर: उप-रोजगार कार्यालय, संगड़ाह
- 24 सितंबर: जिला रोजगार कार्यालय, नाहन
सभी स्थानों पर साक्षात्कार का समय प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इन पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष, कद 168 सेंटीमीटर से अधिक तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज के दो फोटो साथ लाने होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIS पर पंजीकरण करने के बाद अपनी रजिस्ट्रेशन प्रोफाइल के माध्यम से अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए आवेदक का रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना आवश्यक है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 78072-22237 दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
