शिमला की सेब मंडियों में नियमों की अनदेखी अब आढ़तियों पर पड़ रही भारी, प्रवर्तन अभियान के दौरान अब तक 12 कमीशन एजेंटों के हुए हैं चालान
मंडी नियमों के पालन को लेकर कृषि विपणन बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी है और एपीएमसी की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
शिमला: हिमाचल प्रदेश की सेब मंडियों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कार्रवाई तेज कर दी है। सेब सीजन के दौरान मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) शिमला एवं किन्नौर और सोलन की ओर से प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक 12 कमीशन एजेंटों यानी आढ़तियों के चालान किए गए हैं। वहीं, एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर की ओर से पांच कमीशन एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंडियों में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एपीएमसी की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं।
अधिकारियों की नजर मंडी परिसरों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर भी बनी हुई है। नियमों के उल्लंघन या किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने किसानों से भी मंडी में तय नियमों का पालन करने की अपील की है। बोर्ड के प्रबंध निदेशक राम कुमार गौतम ने किसानों से अपनी सेब की उपज यूनिवर्सल कार्टन में ही मंडियों में लाने को कहा है। इसके अलावा सेब की ग्रेडिंग निर्धारित विनिर्देशों के अनुसार करने की अपील की गई है।
बोर्ड का कहना है कि निर्धारित नियमों के अनुरूप पैकेजिंग और ग्रेडिंग होने से मंडियों में सेब की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
मंडी परिसर में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में किसान शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने 9459172727 व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
