सिरमौर भाजपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता का निधन; क्षेत्र में शोक की लहर
निधन से पहले जयराम ठाकुर ने घर पहुंचकर जाना था उनका हाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भी जताया दुख
नाहन (सिरमौर)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता का निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे विनय गुप्ता ने संगठन और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका के चलते कार्यकर्ताओं के बीच अलग पहचान बनाई थी।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद विनय गुप्ता का भाजपा संगठन से जुड़ाव लगातार बना रहा। कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय व्यवहार और संगठन को मजबूत करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
निधन से एक दिन पहले बुधवार को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विनय गुप्ता से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
वहीं, हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी विनय गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को पार्टी परिवार और सिरमौर के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
विनय गुप्ता अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण कार्यकर्ताओं के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। उनके निधन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति व शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
