Home राज्यहिमाचल प्रदेशसिरमौर नाहन में बुजुर्ग महिला से मारपीट विवाद में बड़ा मोड़, बहू ने पति पर लगाए गंभीर आरोप; बेटों ने भी रखा पक्ष

नाहन में बुजुर्ग महिला से मारपीट विवाद में बड़ा मोड़, बहू ने पति पर लगाए गंभीर आरोप; बेटों ने भी रखा पक्ष

by Dainik Janvarta
0 comment

नाहन में बुजुर्ग महिला से मारपीट विवाद में नया मोड़

पांच दिन पहले बहू और पोतों पर लगाए गए आरोपों के बाद अब बहू रीमा अग्रवाल ने दोनों बेटों के साथ सामने आकर आरोपों को किया खारिज

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बुजुर्ग महिला से कथित मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। वीरवार को मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब बहू रीमा अग्रवाल ने अपने दोनों बेटों केशव और रुद्रांश के साथ पत्रकार वार्ता कर अपना पक्ष रखा। रीमा ने सास के साथ मारपीट करने और बच्चों द्वारा दादी पर हाथ उठाने के आरोपों को गलत बताया।

रीमा अग्रवाल ने अपने अधिवक्ता पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गत शनिवार को उनके साथ मारपीट की गई थी। उनका दावा है कि इसके बाद मामले को अलग दिशा देते हुए उन पर और उनके बेटों पर आरोप लगाए गए।

उनके अनुसार, वह पिछले करीब 20 वर्षों से पति और सास की कथित प्रताड़ना झेल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके पिता अंबाला से नियमित रूप से उनके पति को आर्थिक मदद भेजते रहे। पत्रकार वार्ता में उन्होंने पिता के बैंक खाते की कॉपी और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत किए।

उन्होंने दावा किया कि समय के साथ आर्थिक मांगें बढ़ती गईं और उनके पिता की ओर से कई बार 40 हजार, 50 हजार और 80 हजार रुपये तक दिए गए। रीमा ने सोना-चांदी दिए जाने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अंबाला में उनके पति के लिए एक दुकान खरीदी गई थी और उनके पास मौजूद गाड़ी की पेमेंट भी उनके पिता ने की थी।

उनका कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक परिवार टूटने के डर से कथित उत्पीड़न सहन किया। उन्होंने बताया कि वह तीन बहनें हैं और उनकी मां का निधन हो चुका है, जबकि उनके पिता अब बीमार रहते हैं। रीमा ने दावा किया कि उनके पिता ने उनके पति और सास को बड़ी रकम दी, लेकिन इसके बावजूद कथित परेशानियां खत्म नहीं हुईं।

रीमा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति अधिवक्ता होने के कारण स्थानीय स्तर पर उनका मामला लड़ने के लिए वकील तैयार नहीं हो रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने मायके अंबाला जाकर पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। उन्होंने कहा कि वह अपनी शिकायत को राज्य महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष भी रखेंगी।

वहीं, इस पूरे विवाद की शुरुआत करीब पांच दिन पहले हुई थी, जब बुजुर्ग महिला की ओर से बहू और पोतों पर मारपीट के आरोप लगाए गए थे। इस संबंध में अधिवक्ता की ओर से पत्नी और बेटों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात सामने आई थी।

अब रीमा अग्रवाल और उनके दोनों बेटों ने सामने आकर इन आरोपों से इनकार किया है और अपना पक्ष रखा है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.