जंगलों में कच्ची शराब बनाने वालों पर वन विभाग का शिकंजा, लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई
खारा ब्लॉक में 950 लीटर लाहन और कई अवैध शराब की भट्टियां मौके पर नष्ट, शराब माफिया में मचा हड़कंप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। खारा ब्लॉक के आरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 950 लीटर लाहन और अवैध शराब बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भट्टियों को मौके पर नष्ट किया।
जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई मंगलवार को सहायक अरण्यपाल पांवटा साहिब आदित्य शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र शर्मा, वन उप-राजिक मुद्दसीर नजर तथा वन मित्र अभिषेक की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान की।
टीम ने आरक्षित वन खारा भाग-18 में कार्रवाई करते हुए एक अवैध भट्टी को नष्ट किया। मौके पर एक ड्रम में रखा करीब 150 लीटर लाहन भी नष्ट किया गया।
इसके बाद वीरवार को वन परिक्षेत्र अधिकारी पांवटा साहिब के निर्देशानुसार खारा ब्लॉक की टोका बीट में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
इस दौरान टीम ने आरक्षित वन लाईं भाग-15 में दबिश देकर एक भट्टी और तीन ड्रमों में रखा करीब 450 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया। वहीं, आरक्षित वन लाईं भाग-20 में भी कार्रवाई करते हुए एक भट्टी और दो ड्रमों में रखा करीब 350 लीटर लाहन नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में वनकर्मी रमजान, अभिषेक कुमार और वन मित्र पूजा देवी मौजूद रहे।
वन विभाग की लगातार कार्रवाई से आरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
