पांवटा साहिब में 4.33 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
विश्वकर्मा चौक के पास गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, गर्ल्स स्कूल के पास तलाशी में हेरोइन बरामद।
HP12E-9445 नंबर की गाड़ी में सवार थे दोनों आरोपी, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।
विकासनगर की ओर से पांवटा साहिब आ रहे थे आरोपी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, टीम गश्त के दौरान विश्वकर्मा चौक, पांवटा साहिब के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक वाहन में स्मैक/हेरोइन लेकर विकासनगर की ओर से पांवटा साहिब की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गर्ल्स स्कूल पांवटा साहिब के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन HP12E-9445 को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 4.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानू सूद, निवासी गांव रेणुका जी, तहसील रेणुका जी, जिला सिरमौर तथा सुरज ठाकुर, निवासी गांव मड़ोली, डाकघर अंधेरी, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगामी अन्वेषण जारी है।
