दुकान के अंदर मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, गर्दन और आंख पर गहरे जख्म
सोलन के दाड़लाघाट में तेंदुए के हमले की आशंका, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के दाड़लाघाट क्षेत्र के ग्याणा गांव में तेंदुए के हमले में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हीरा सिंह ठाकुर के रूप में हुई है, जो घर के पास ही वेल्डिंग की दुकान चलाते थे।
जानकारी के अनुसार, हीरा सिंह मंगलवार रात करीब नौ बजे तक अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। उनकी बेटी उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने दुकान पर पहुंची थी, लेकिन उन्होंने थोड़ी देर बाद घर आने की बात कहकर बेटी को वापस भेज दिया। देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजन सो गए।
सुबह हीरा सिंह घर और बरामदे में नहीं मिले तो उनकी पत्नी रीता उन्हें तलाशते हुए दुकान पर पहुंचीं। दुकान के अंदर ही उनका शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेंदुआ दुकान में घुसा और उसने हीरा सिंह पर हमला कर दिया।
मृतक की गर्दन पर हमले के निशान और आंख पर नाखून से गहरे जख्म मिले हैं। शरीर पर लोहे के कण भी पाए गए। घटना के दौरान दुकान की लाइट भी बंद हो गई थी। मामले की सूचना मिलने पर दाड़लाघाट पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की ले जाया गया था। जख्मों में लोहे के कण मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वन विभाग के आरओ सुदर्शन सिंह के अनुसार, तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास पिंजरा लगाया गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दाड़लाघाट के डीएसपी नवीन झाल्टा ने भी पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने की पुष्टि की है।
