Table of Contents
मंडी में घास काटने गई महिला के साथ दर्दनाक हादसा, पैर फिसलने से खाई में गिरी
गंभीर रूप से घायल रीना देवी ने चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
नगवाईं क्षेत्र के तनारू गांव की रहने वाली थीं रीना देवी, प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ किया गया था रेफर
मंडी: जिले के नगवाईं क्षेत्र में सोमवार दोपहर घास काटने गई एक महिला की खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसा करीब तीन बजे हुआ, जब घास काटते समय अचानक महिला का पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरी। गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई।
मृतका की पहचान रीना देवी (निवासी गांव तनारू, मुहाल शिल्ह मशोरा, नगवाईं) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया।
कुल्लू अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की हालत नाजुक पाए जाने पर बेहतर उपचार के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। इसके बाद परिजन उसे लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही रीना देवी ने दम तोड़ दिया।
ग्राम पंचायत मशोरा की प्रधान मीना शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रीना देवी घास काटने के लिए घासनी में गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गईं।
महिला की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
