नाहन में दवा कारोबारी पर डंडे से हमला, पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज
शराब पिलाने से मना करने पर विवाद, सीढ़ियों पर बैठा था आरोपी
रात करीब 2 बजे दुकान से घर लौट रहे मेडिकल कारोबारी पर पड़ोसी ने कथित तौर पर डंडे से हमला कर दिया। गाली-गलौज के बाद सिर पर किया वार, चोट लगने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन (सिरमौर)। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत गुन्नुघाट क्षेत्र में लड़ाई-झगड़े और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संजीव अग्रवाल निवासी गुन्नुघाट, तहसील नाहन, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह गुन्नुघाट चौक पर लक्ष्मी मेडिकल हॉल के नाम से दवाइयों का होलसेल कारोबार करता है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 14/15 तारीख की रात करीब 2 बजे वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी अंकुर शर्मा दुकान पर आया और उससे शराब पिलाने की मांग करने लगा। शिकायतकर्ता द्वारा मना करने पर कथित तौर पर अंकुर शर्मा ने उसे धमकी दी कि वह उसे रास्ते में देख लेगा।
इसके बाद जब संजीव अग्रवाल अपने घर के पास पहुंचा तो कथित तौर पर आरोपी सीढ़ियों पर हाथ में डंडा लेकर बैठा था। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए संजीव के सिर पर डंडे से वार कर दिया। हमले में शिकायतकर्ता को चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में आरोपी अंकुर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
