चाय की दुकान में चल रहा था शराब का धंधा! कालाअंब पुलिस ने 7 बोतल देसी शराब पकड़ी
गुप्त सूचना पर जोहड़ों क्षेत्र में पुलिस की दबिश, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज; आरोपी से पूछताछ और जांच जारी
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने जोहड़ों क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक चाय की दुकान से 7 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर दुकान संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टीम जोहड़ों क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी चाय की दुकान में अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित चाय की दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 7 बोतल देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान निरंजन कुमार पुत्र शोखी राम, निवासी मकान नंबर 204, वार्ड नंबर 4, सरकारी पेट्रोल पंप के नजदीक, नारायणगढ़, जिला अंबाला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
