Home राज्य हिमकेयर की जगह नई हेल्थ इंश्योरेंस योजना! 10 लाख तक फ्री इलाज, प्रीमियम सिर्फ 2 हजार रूपए से शुरू

हिमकेयर की जगह नई हेल्थ इंश्योरेंस योजना! 10 लाख तक फ्री इलाज, प्रीमियम सिर्फ 2 हजार रूपए से शुरू

by Dainik Janvarta
0 comment

10 लाख रुपये तक का इलाज होगा कैशलेस, प्रीमियम आय के हिसाब से तय करने की तैयारी

हिमकेयर की जगह जनवरी से नई स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था लागू करने की तैयारी, चार स्लैब में हो सकता है 2 से 10 हजार रुपये तक सालाना प्रीमियम।

आय के आधार पर तय होगा प्रीमियम, 10 लाख परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य

शिमला। हिमाचल प्रदेश में गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा की नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। सरकार जनवरी से हिमकेयर की जगह नई स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी लागू करने की दिशा में काम कर रही है। प्रस्तावित योजना में परिवार की सालाना आय को प्रीमियम तय करने का प्रमुख आधार बनाया जाएगा। सरकार करीब 10 लाख परिवारों को इसके दायरे में लाने की तैयारी में है।

नई पॉलिसी में प्रीमियम के चार स्लैब प्रस्तावित किए जा रहे हैं। इनमें सालाना प्रीमियम करीब 2 हजार से 10 हजार रुपये तक हो सकता है। हालांकि, बीमा कंपनी के चयन के लिए होने वाली निविदा प्रक्रिया के बाद प्रीमियम की अंतिम राशि तय होगी। अधिक आय वाले परिवारों के लिए प्रीमियम ज्यादा और कम आय वाले परिवारों के लिए कम रखने का प्रस्ताव है।

10 लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क

प्रस्तावित स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था में पात्र परिवारों को सालाना 10 लाख रुपये तक के इलाज का कवरेज देने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य गंभीर और महंगे उपचार का खर्च उठाने में असमर्थ परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना है। नई पॉलिसी में बड़े मल्टी स्पेशियलिटी और तृतीयक चिकित्सा अस्पतालों को भी सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है, ताकि गंभीर बीमारियों का इलाज निजी अस्पतालों में भी कराया जा सके।

थैलेसीमिया जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को निजी अस्पतालों में योजना का लाभ देने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही सर्जरी और दवाओं को पहले की तुलना में व्यापक स्तर पर बीमा कवरेज में शामिल करने की तैयारी है।

फर्जी क्लेम पर एआई से निगरानी

नई व्यवस्था में फर्जी बिल और गलत बीमा दावों पर रोक लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित जांच प्रणाली लागू करने की तैयारी है। इससे संदिग्ध क्लेम की पहचान करने में मदद मिलेगी। इलाज के भुगतान की व्यवस्था में भी बदलाव प्रस्तावित है। सरकार सीधे अस्पतालों को भुगतान करने के बजाय चयनित बीमा कंपनी के माध्यम से अस्पतालों को भुगतान करवाएगी।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार के अनुसार नई स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी को जनवरी में लागू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि पॉलिसी में पात्रता आय के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है और पात्र लोगों को 10 लाख रुपये तक के इलाज का लाभ दिया जाएगा।

बीमा कंपनियों से मांगी गईं निविदाएं

स्वास्थ्य बीमा कवरेज को आगे जारी रखने के लिए हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी ने बीमा कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की हैं। इसमें भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) में पंजीकृत तथा स्वास्थ्य बीमा कारोबार का अनुभव रखने वाली कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं।

टेंडर दस्तावेज 15 सितंबर से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक कंपनियां दस्तावेज हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी की वेबसाइट और हिमाचल प्रदेश ई-टेंडर पोर्टल से प्राप्त कर सकती हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीमा कंपनी और अंतिम प्रीमियम को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

क्या थी हिमकेयर योजना?

हिमकेयर योजना में पात्र लाभार्थियों को 1,000 रुपये के सालाना प्रीमियम पर 5 लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिलती थी। सरकारी कर्मचारी और पेंशनर इसके दायरे से बाहर थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार हिमकेयर में करीब साढ़े सात लाख लाभार्थी थे। अब प्रस्तावित नई व्यवस्था में कवरेज को बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक करने और लाभार्थियों का दायरा बढ़ाने की तैयारी है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.