सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, चिट्टे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
गिरीपुल में 1.19 ग्राम हेरोइन व इंसुलिन इंजेक्शन बरामद, संगड़ाह में घर से 5 लीटर अवैध शराब पकड़ी
राजगढ़/संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मामले में घर से पांच लीटर अवैध शराब बरामद की है।
पहला मामला पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत गिरीपुल के पास सामने आया। 14 सितंबर को राजगढ़ डिटेक्शन सेल की पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान गश्त पर थी। इसी दौरान मुख्य सड़क के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति छिपकर बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम मनोज कुमार निवासी गांव रनवा, डाकघर एवं तहसील हरिपुरधार, जिला सिरमौर बताया।
तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 1.19 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और एक इंसुलिन इंजेक्शन बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
वहीं, दूसरा मामला पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत सामने आया। 15 सितंबर को पुलिस टीम लाना पालर रोड पर मौजूद थी, इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कर्मदास निवासी गांव काथला, डाकघर बोगधार, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर कथित तौर पर अवैध शराब बेचने का काम करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर तलाशी ली, जहां से 5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस थाना संगड़ाह में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
