हिमाचल के टांडा अस्पताल में तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 27 वर्षीय युवती चौथी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गई।
जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कांगड़ा। कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार तड़के करीब पांच बजे की बताई जा रही है। मृतका की उम्र 27 वर्ष थी और वह धीरा क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे टांडा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए भर्ती किया गया और रात के दौरान आईसीयू में रखा गया।
उपचार से हो रहा था सुधार
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उपचार के दौरान युवती की हालत में सुधार हो रहा था और वह खतरे से बाहर आने लगी थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर स्टाफ और परिजनों की नजरों से बचकर अस्पताल की चौथी मंजिल तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि युवती चौथी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डीएसपी राजेश शर्मा के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया था और इलाज के दौरान वह अस्पताल की चौथी मंजिल तक कैसे पहुंची।
पुलिस अस्पताल के स्टाफ, परिजनों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
