हिंदी की नई पीढ़ी ही भाषा की असली वाहक है—मुख्य अतिथि
हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने भाषण और कविता पाठ में दिखाई प्रतिभा
नाहन (सिरमौर)। शहीद कमलकान्त मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में अंतर-सदन भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिभा और समर्पण का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष मुख्य अतिथि गुरदीप सिंह सैनी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। स्वागत गान के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए हिंदी भाषा की व्यापकता और महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि गुरदीप सिंह सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी ही हिंदी की असली वाहक है। सम्मानित अतिथि अजय शर्मा ने भी विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अविनाश सिंह सैनी भी उपस्थित रहे।
कविता पाठ प्रतियोगिता में दिव्या ने प्रथम, अंशिका ने द्वितीय, पायल ने तृतीय तथा पारिधि ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में निवेदिता प्रथम, अनमिका द्वितीय, दिव्यांशी तृतीय तथा वामिका चतुर्थ स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का संचालन शशि गुप्ता ने किया। विद्यालय स्टाफ और विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाले अतिथियों, स्टाफ सदस्यों और SMC सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
