Table of Contents
सिरमौर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, लाडली फाउंडेशन ने बढ़ाया कदम
डीसी प्रियंका वर्मा ने किया ‘सशक्त महिला, सशक्त हिमाचल’ लाडली स्वरोजगार योजना के पोस्टर का विमोचन
महिलाओं को अपने हुनर से रोजगार से जोड़ने की दिशा में लाडली फाउंडेशन की पहल
नाहन (सिरमौर)। लाडली फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘लाडली स्वरोजगार योजना’ शुरू की गई है। इसी कड़ी में जिला सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने योजना के तहत ‘सशक्त महिला, सशक्त हिमाचल’ अभियान के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर लाडली फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शालू अख्तर और जिला सिरमौर की प्रधान जीनत खान की संयुक्त अगुवाई में फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हिमाचली परंपरा के अनुसार उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
लाडली फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष शालू अख्तर ने बताया कि लाडली स्वरोजगार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के माध्यम से महिलाओं को उनके हुनर और हाथों से निर्मित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने तथा उन्हें बेचकर आय अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे महिलाएं अपने हुनर को रोजगार में बदलकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
इस दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा को संस्था द्वारा पिछले 15 वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने लाडली स्वरोजगार योजना की सफलता के लिए फाउंडेशन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आगे बढ़ने का अवसर देना होना चाहिए। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ की भावना के साथ सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए योजना की सफलता की कामना की।
इस अवसर पर दीक्षा शर्मा, उपासना वर्मा सहित लाडली फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
