सुविधाओं की कमी भी ग्रामीण खिलाड़ियों के हौसले को नहीं रोक पा रही है। शिक्षक अपने खर्च पर दिन-रात प्रशिक्षण देकर 34 खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयार कर रहे हैं।
नाहन (सिरमौर)। शिक्षा खंड सुरला के अंतर्गत अंडर-14 खिलाड़ियों के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय सलानी में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चयनित हुए 34 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 छात्र और 16 छात्राएं शामिल हैं। ये खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षा खंड सुरला का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए शिक्षकों ने इन प्रतिभाओं को और निखारने का निर्णय लिया। खास बात यह है कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, रहने और भोजन सहित शिविर का पूरा खर्च शिक्षक स्वयं उठा रहे हैं। शिक्षकों की ओर से यह प्रशिक्षण शिविर पिछले कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
खंड खेलकूद प्रतियोगिता प्रभारी एवं शारीरिक शिक्षक जगदीश चंद ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण देने की है। उन्होंने कहा कि खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में बच्चों के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें जिला स्तर के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया है।
शिविर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनेठी के शारीरिक शिक्षक पवन शर्मा, राजकीय माध्यमिक पाठशाला कंडईवाला के शारीरिक शिक्षक विनोद कुमार, राजकीय माध्यमिक पाठशाला बलसार के शारीरिक शिक्षक विक्रम सिंह ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कौलांवाला भूड़ के शारीरिक शिक्षक संजय कुमार, राजकीय उच्च विद्यालय डाकवाला के शारीरिक शिक्षक कृष्ण चंद तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बर्मा पापड़ी के शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में सहयोग कर रहे हैं।
शिविर में खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी शिक्षकों द्वारा की जा रही है। छात्राओं की सुरक्षा और प्रशिक्षण में राजकीय उच्च विद्यालय निहोग की शारीरिक शिक्षिका सुदेश कुमारी तथा राजकीय माध्यमिक पाठशाला खैरी की शारीरिक शिक्षिका मीना देवी सहयोग कर रही हैं।
इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पालियों के प्रधानाचार्य कमल पुंडीर और समाजसेविका अंजू पुंडीर रोजाना खिलाड़ियों को फल वितरित कर रहे हैं। आयोजन में बृजभूषण, आशिमा, टीजीटी तथा कमल किशोर, लिपिक, भी आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
शारीरिक शिक्षक जगदीश चंद ने बताया कि खिलाड़ियों को सुबह और शाम मैदान पर नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दिन के समय उन्हें आराम देने के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि इन ग्रामीण प्रतिभाओं को भविष्य में क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार करना है।
