Table of Contents
माजरा थाना क्षेत्र में दो सड़क हादसे, तेज रफ्तार ने मचाई तबाही—एक युवक गंभीर, महिला घायल
एक हादसे में ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप, दूसरे में बाइक चालक महिला को टक्कर मारकर फरार; दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज किए केस
माजरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसे, पुलिस जांच में जुटी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क हादसों के मामले सामने आए हैं। दोनों हादसों में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह बताया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में गांव मेलियों निवासी साजिद अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह कपड़े की दुकान से छुट्टी कर अपने घर मेलियों जा रहा था। इसी दौरान धौलाकुआं की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे सोनालिका ट्रैक्टर ने आगे जा रहे व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार घायल की पहचान उसके गांव के ही सुलेमान पुत्र स्वर्गीय कंवर अली के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता ने ट्रैक्टर चालक की पहचान नितेश कुमार निवासी धौलाकुआं के रूप में की है। पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में 12 सितंबर 2026 की शाम पुरुवाला-कांशीपुर में एक महिला को मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। पुलिस को दी शिकायत में पुरुवाला-कांशीपुर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वह कमल की दुकान पर सामान लेने गया था और दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक महिला पैदल सड़क पार कर रही थी। तभी पांवटा की ओर से तेज रफ्तार में आए मोटरसाइकिल चालक ने महिला को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और उसके शरीर में चोटें आईं। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने मोटरसाइकिल का नंबर HP17J-1859 पढ़ा और चालक की पहचान जितेंद्र पुत्र नीम चंद के रूप में की। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक कुछ देर बाद अपने वाहन को लेकर पुरुवाला की ओर फरार हो गया।
घायल महिला ने अपना नाम साबरा पत्नी इस्फाक निवासी गोपीवाला, बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस थाना माजरा ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों सहित आरोपी चालक की तलाश व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
