Home विकास शिलाई में मंत्री हर्षवर्धन चौहान का बड़ा ऐलान! 400 करोड़ की विकास योजनाएं, धारवा में स्कूल के नए कमरों का लोकार्पण

शिलाई में मंत्री हर्षवर्धन चौहान का बड़ा ऐलान! 400 करोड़ की विकास योजनाएं, धारवा में स्कूल के नए कमरों का लोकार्पण

by Dainik Janvarta
0 comment

धारवा में विकास कार्यों को गति: स्कूल के नए कमरों का लोकार्पण, संपर्क मार्ग का शिलान्यास

शिलाई क्षेत्र में शिक्षा और सड़क सुविधाओं को मिलेगी मजबूती, 29 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत

नाहन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को ग्राम पंचायत धारवा में विकास कार्यों को गति देते हुए राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया, जिस पर 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, विद्यालय में निर्मित अतिरिक्त कमरों से विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रत्येक बच्चे तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रदेश के 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम भी लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

शिलाई में 90 प्रतिशत अध्यापक पद भरे

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है और विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अध्यापकों के 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सरकार का जोर

हर्षवर्धन चौहान ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के कई मामले सामने आए थे, जिससे युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ। वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालते ही इन मामलों की गंभीरता से जांच करवाई, जवाबदेही तय की और संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर समान अवसर मिलें तथा सरकारी नौकरियों में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो।

शिलाई में 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव तक आधुनिक आधारभूत सुविधाएं पहुंचें और लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो।

उन्होंने कहा कि सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा पेयजल योजनाओं को मजबूत करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इन कार्यों के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत अधिकांश परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

मंत्री ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं

इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने सामूहिक समस्याओं के साथ-साथ व्यक्तिगत समस्याएं और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़ी सभी उचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने धारवा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान द्वारा आयोजित समारोह में भी शिरकत की।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जोन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, मस्त राम प्राशर, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.