खेलो इंडिया की तर्ज पर हिमाचल में बड़े स्तर पर होगा ‘खेलो हिमाचल’ आयोजन, मुख्यमंत्री ने जारी किए 15 करोड़ रुपये
खेल मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने पांवटासाहिब में 34वीं राज्य युवा बास्केटबाल प्रतियोगिता के समापन पर की घोषणा, कहा—खेल प्रतिभाओं को निखारना सरकार की प्राथमिकता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हिमाचल सरकार बड़े स्तर पर ‘खेलो हिमाचल’ आयोजन करने जा रही है। युवा सेवा एवं खेल, आयुष तथा विधि मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने पांवटासाहिब में आयोजित तीन दिवसीय साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं राज्य युवा बास्केटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में यह घोषणा की।
खेलों से विकसित होता है अनुशासन और नेतृत्व
खेल मंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बहुआयामी प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रदेश के 48 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक हासिल किए हैं।
15 करोड़ से होगा ‘खेलो हिमाचल’ का आयोजन
गोमा ने कहा कि आगामी दिनों में हिमाचल प्रदेश में खेलो इंडिया की तर्ज पर ‘खेलो हिमाचल’ इवेंट बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।
11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में 368 खिलाड़ी प्रशिक्षणरत
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और एक स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स संचालित किए जा रहे हैं, जहां 368 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन युवा खिलाड़ियों को सरकार की ओर से बोर्डिंग, लॉजिंग, प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
खिलाड़ियों की सम्मान राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रति विशेष लगाव है। इसी के चलते हिमाचल के इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों की सम्मान राशि में 300 गुना तक बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने बताया कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
इसी प्रकार एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 4 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि निर्धारित की गई है। राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
डाइट मनी और यात्रा सुविधाओं में भी बढ़ोतरी
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी बढ़ोतरी की है। प्रदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 250 रुपये प्रतिदिन, जबकि अन्य सभी खिलाड़ियों को 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है।
प्रदेश से बाहर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी का प्रावधान किया गया है। खेल छात्रावासों में रहने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश में 250 रुपये और प्रदेश से बाहर 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को यात्रा सुविधा का भी लाभ दिया जा रहा है। राज्य से बाहर 200 किलोमीटर तक की दूरी पर खेल स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को एसी-3 टियर किराया तथा इससे अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया प्रदान किया जा रहा है।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश और देश का भविष्य हैं तथा ऊर्जावान और प्रतिभाशाली युवाओं से ही समृद्ध राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और जागरूक समाज की नींव रखने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने पांवटासाहिब ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने के लिए 5 लाख रुपये तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।
प्रदेश की 26 टीमों ने दिखाया खेल कौशल
पांवटासाहिब में आयोजित साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं राज्य युवा बास्केटबाल प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 26 टीमों ने भाग लिया। इनमें 14 छात्र और 12 छात्राओं की टीमें शामिल रहीं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य गुरविंदर चावला ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान योग प्रस्तुति भी दी।
गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल और खालसा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से खेल मंत्री यादवेन्द्र गोमा एवं अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों तथा प्रतियोगिता के आयोजन में योगदान देने वाले आयोजकों को सम्मानित किया।
ये गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
समारोह में विशिष्ट अतिथि अवनीत सिंह लांबा, निदेशक खाद्य आपूर्ति नसीमा बेगम, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हरप्रीत सिंह रत्न, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौंटी, गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल के निदेशक गुरजीत सैनी, प्रधानाचार्य गुरविंदर चावला, खालसा स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष परमजीत सिंह बंगा, यूथ प्रेसिडेंट परवेन्दर सिंह, बास्केटबाल कोच एवं कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बंगा सहित विभिन्न जिलों के बास्केटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष, पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
