हेवणा में 30 मीटर नीचे खाई में गिरी सेब से लदी पिकअप, बाल-बाल बचे दो युवक
रात के समय हुआ हादसा, ढंगार में अटकने से बची बड़ी दुर्घटना; नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के कमरऊ तहसील क्षेत्र में एनएच-707 बद्रीपुर-गुम्मा मार्ग पर सतौन के समीप हेवणा के पास सेब से लदी एक पिकअप सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान वाहन में सवार दो युवक बाल-बाल बच गए और किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, हेवणा पतवार वृत्त बड़वास, तहसील कमरऊ क्षेत्र में सेब से लदी पिकअप नंबर यूपी 19 एटी 5344 रात के समय अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी। वाहन में मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश निवासी अमित पुत्र विजेंद्र और अभिषेक पुत्र तिलक राज सवार थे।
बताया जा रहा है कि पिकअप सड़क से नीचे लुढ़कने के बाद कुछ दूरी पर ढंगार में जाकर रुक गई। वाहन के रुकने के कारण दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिल गया। हादसे में दोनों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े हालातों का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
